उत्तरकाशी: अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे डीएम, 43 प्रभावित परिवारों से की मुलाकात

उत्तरकाशी: अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे डीएम, 43 प्रभावित परिवारों से की मुलाकात

उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने राहत और पुनर्वास कार्य तेज कर दिए हैं। बुधवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटनास्थल पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल और ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा भी मौजूद रहे। अग्निकांड में गांव के कुल 43 परिवार प्रभावित हुए हैं।

जले दस्तावेज दोबारा बनवाने के लिए लगेगा शिविर
प्रभावित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि आग में घरों के साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक संबंधी दस्तावेज और अन्य जरूरी अभिलेख भी जलकर नष्ट हो गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 दिसंबर से गांव में विशेष शिविर लगाया जाए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को जरूरी दस्तावेज दोबारा बनवाने में सहायता दी जाएगी।

स्ट्रीट लाइट और संपर्क मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने गांव में रात के समय रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने और संपर्क मार्ग को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को प्रभावित परिवारों के दुधारू और अन्य पशुओं का सर्वे कर नुकसान का विवरण तैयार करने को कहा गया है।
प्रशासन के अनुसार, गांव में कम्युनिटी किचन संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी तैनात हैं। प्रभावित परिवारों को भोजन, रहने की व्यवस्था और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। राहत कार्यों में रेडक्रॉस से भी सहयोग लिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के सामने मुआवजे का मुद्दा उठाया
पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ है। उन्होंने बताया कि अग्निकांड और प्रभावित परिवारों की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की गई है। मुख्यमंत्री के समक्ष राहत राशि, उचित मुआवजे और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का विषय रखा गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।