देहरादून: देहरादून के थानों में स्पर्श हिमालय महोत्सव-2024 का रंगारंग शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.), और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य प्रदेश के साहित्यकारों और कलाकारों को अद्वितीय मंच प्रदान करना और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा, “पुस्तकें हमारा पोषण करती हैं और लेखकों की रचनाएं समाज को नई दिशा देने के साथ ही सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देती हैं। यह महोत्सव न केवल साहित्य और कला को संजीवनी प्रदान करेगा, बल्कि प्रदेश की संस्कृति को नई ऊँचाईयों पर ले जाएगा।”
इस आयोजन में प्रदेश के कई प्रसिद्ध साहित्यकार, कलाकार और सांस्कृतिक समूह शामिल होंगे, जो उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगे।