Top Banner
राष्ट्रीय खेल एंथम : मोबाइल की रिंग टोन व नगर निगम कूड़ा वाहनों में गूंजेगा “आन बान शान ले शौर्य का प्रमाण ले”

राष्ट्रीय खेल एंथम : मोबाइल की रिंग टोन व नगर निगम कूड़ा वाहनों में गूंजेगा “आन बान शान ले शौर्य का प्रमाण ले”

38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां जोरों पर हैं। राष्ट्रीय खेलों का एंथम ‘आन बान शान ले, शौर्य का प्रमाण ले’ जल्द ही मोबाइल रिंगटोन बन सकता है। खेल मंत्री रेखा आर्या की पहल पर राष्ट्रीय खेल सचिवालय ने इसके लिए बीएसएनएल को पत्र लिखा है।

राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ इस महीने की 28 तारीख से होगा। खेल मंत्री ने बताया कि सरकार की कोशिश है कि यह आयोजन केवल सरकारी कार्यक्रम न रहकर जन-जन का उत्सव बने। इसके लिए भव्य मशाल यात्रा और अन्य पहल की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस एंथम का लोकार्पण किया था। प्रचार की दृष्टि से इसके केवल 30 सेकेंड के हिस्से को उपयोग में लाया जाएगा। बीएसएनएल से सहमति मिलते ही इसे रिंगटोन के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।

नगर निकायों के कूड़ा वाहन और एफएम रेडियो जैसे माध्यमों के जरिए भी एंथम को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। विशेष रूप से उन जिलों में अधिक प्रचार किया जाएगा, जहां राष्ट्रीय खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों का एंथम मोबाइल रिंगटोन में सुनाई देने के साथ ही कूड़ा सफाई वाहनों और रेडियो के माध्यम से लोगों तक पहुंचेगा। इससे युवाओं को प्रेरित किया जाएगा कि वे इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए भी प्रसारित करें। यह आयोजन प्रदेश की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है और सरकार इसे हर नागरिक का उत्सव बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

‘आन बान शान ले, शौर्य का प्रमाण ले’ एंथम उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर, खेल भावना और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इस एंथम के जरिए खेलों के प्रति जोश और गर्व का संदेश दिया जा रहा है।

Please share the Post to: