देहरादून: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में आज हुई वाहन दुर्घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है और घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लापता लोगों की खोजबीन के लिए SDRF और प्रशासन की टीमें पूरी सक्रियता से लगी हुई हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रा पर आए यात्रियों से पर्वतीय मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
सुरक्षा के दिए निर्देश:
मुख्यमंत्री ने प्रशासन और परिवहन विभाग को निर्देशित किया है कि:
- पर्वतीय क्षेत्रों में संचालित सार्वजनिक वाहनों की नियमित जांच की जाए।
- खतरनाक मोड़ों और ढलानों पर चेतावनी संकेतकों की व्यवस्था बेहतर की जाए।
- आवश्यक स्थलों पर सुरक्षा रेलिंग और पैराफिट सुनिश्चित किए जाएं।
- मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों की स्थिति की लगातार निगरानी की जाए।
दीर्घकालिक योजना का निर्देश:
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों की एक ठोस कार्य योजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य में जानमाल की क्षति को रोका जा सके।