हल्द्वानी: 8 साल की हर्षिका रिखाड़ी ने योग के क्षेत्र में अपनी अद्भुत प्रतिभा से उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है। रबर डॉल के नाम से प्रसिद्ध हर्षिका ने राष्ट्रीय स्तर पर ‘टॉप 21 इंडियन इंस्पायरिंग योगी’ में स्थान पाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अब वह 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित योग महोत्सव में योग प्रदर्शन करेंगी।
हाल ही में दिल्ली में आयोजित योग महाशिखर सम्मेलन में हर्षिका ने अपनी आर्टिस्टिक योग प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध किया। इस मौके पर उन्हें ₹21,000 की प्रोत्साहन राशि दी गई और अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया।
हल्द्वानी की हर्षिका अब तक 30 से अधिक मेडल, जिनमें 15 गोल्ड शामिल हैं, जीत चुकी हैं। 6 बार नेशनल लेवल पर परफॉर्म कर चुकी हर्षिका जिम्नास्टिक और डांस में भी पारंगत हैं। हर्षिका बाबा रामदेव को अपना आदर्श मानती हैं और भविष्य में उनसे मिलने की ख्वाहिश रखती हैं।
हर्षिका की प्रमुख उपलब्धियां:
- ‘इंडिया प्राउड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’, ‘योग रत्न’, ‘मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’, ‘स्वर्ण भारत सम्मान’ जैसे राष्ट्रीय सम्मान
- लखनऊ में ‘योगासन खेल रत्न सम्मान’
- 2 मिनट में 25 सेट सूर्य नमस्कार कर गोल्ड मेडल
- कई राष्ट्रीय योग, जिम्नास्टिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में पुरस्कार
हर्षिका के माता-पिता और कोच नीरज धपोला उनकी इस सफलता पर गर्वित हैं और उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना है।