हरिद्वार-देहरादून हाइवे पर बनेंगे सात नए फ्लाईओवर, 720.67 करोड़ की योजना को केंद्र से मिली मंजूरी

हरिद्वार-देहरादून हाइवे पर बनेंगे सात नए फ्लाईओवर, 720.67 करोड़ की योजना को केंद्र से मिली मंजूरी

हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क कनेक्टिविटी सुधारने और हादसों को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने 720.67 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दे दी है। रायवाला से मोहकमपुर तक कुल सात नए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। इसके अलावा सर्विस लेन का निर्माण, चौराहों का सुधार और कई स्थानों पर मौजूदा कट बंद किए जाएंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) इस परियोजना को अगले ढाई वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।

हाइवे पर रायवाला बाजार, छिद्दरवाला चौक, लालतप्पड़, शेरगढ़, माजरी, कुआंवाला और लक्ष्मणसिद्ध चौक पर फ्लाईओवर और सर्विस लेन बनाई जाएंगी। हालांकि, हरिपुरकलां को नए फ्लाईओवर से न जोड़ने पर ग्रामीणों और व्यापारियों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने हरिपुरकलां को फ्लाईओवर से जोड़ने या पुराने हाइवे को पुनः खोलने की मांग उठाई है।

व्यापारियों का कहना है कि फ्लाईओवर बनने से रायवाला बाजार की व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित होंगी। स्थानीय प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने एनएचएआई से योजना सार्वजनिक करने और सभी को विश्वास में लेकर ही कार्य शुरू करने की मांग की है।

NHAI के अनुसार, यह योजना हाईवे के 10 चिन्हित डेंजर जोन में सुधार और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। परियोजना का उद्देश्य सड़क हादसों को रोकना और यातायात को सुगम बनाना है।