प्रो. नवीन चंद्र लोहनी बने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के नए कुलपति

प्रो. नवीन चंद्र लोहनी बने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के नए कुलपति

देहरादून/हल्द्वानी: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने बुधवार को उनकी नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया।

35 वर्षों का अनुभव और अंतरराष्ट्रीय पहचान:
प्रो. लोहनी को 35 साल से अधिक का शिक्षण अनुभव है। उनकी अब तक 12 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं और 85 शोध पत्र एवं शोध आलेख प्रकाशित किए जा चुके हैं। उनके निर्देशन में 26 पीएचडी और 99 एमफिल शोध पूर्ण हो चुके हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके हिंदी विभाग को दो बार उत्कृष्ट अध्ययन केंद्र योजना में चयनित किया है।

अंतरराष्ट्रीय योगदान:
प्रो. लोहनी रविंद्रनाथ टैगोर चेयर (लौजान विश्वविद्यालय, स्विट्जरलैंड) और आईसीसीआर चेयर (शंघाई अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विश्वविद्यालय, चीन) में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे विदेश मंत्रालय की ओर से आयोजित विश्व हिंदी सम्मेलन (न्यूयॉर्क, जोहान्सबर्ग, भोपाल, मॉरिशस, फिजी) में प्रतिभागी रहे।

शोध और नवाचार:
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में कुलसचिव, नैक कोऑर्डिनेटर समेत कई प्रशासनिक पदों पर रहते हुए उन्होंने हिंदी की अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति को बढ़ावा दिया। उन्होंने 2009-10 में विश्वविद्यालय में प्रवासी साहित्य पाठ्यक्रम की शुरुआत की थी। साथ ही, कौरवी लोक साहित्य को स्नातक, स्नातकोत्तर, एमफिल और पीएचडी स्तर पर पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया।

प्रो. लोहनी मूल रूप से उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के पचार गांव के निवासी हैं।

Please share the Post to: