देहरादून नगर निगम द्वारा केदारपुरम में निर्मित योगा पार्क का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस अवसर पर नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल जी, क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, नगर आयुक्त नमामी बंसल सहित निगम के पार्षदगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
निगम द्वारा विकसित यह योगा पार्क शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक शांति का एक अनूठा केंद्र बनने जा रहा है। यहाँ खुले वातावरण में योगाभ्यास के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन की गई हरी-भरी जगह, आधुनिक सुविधाएँ और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर वातावरण उपलब्ध कराया गया है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और ‘फिट इंडिया’ के संदेश को आगे बढ़ाना है।
विगत समय से नगर निगम देहरादून द्वारा चलाए जा रहे हरेला पर्व के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण किया जा रहा था, उक्त के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने 1,00,001वां पौधा केदारपुरम पार्क में रोपित किया, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की हरित अभियान मुहिम “एक पेड़ माँ के नाम” को समर्पित था।
इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री ने यमुना कॉलोनी पार्क के रखरखाव, मछली तालाब के संरक्षण एवं गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण जैसे अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से शहर के हरित क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता एवं उपयोगिता में और वृद्धि होगी।
नगर निगम देहरादून का यह प्रयास न केवल शहर की सुंदरता और हरियाली बढ़ाएगा बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य व कल्याण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इसके अतिरिक्त आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अंतर्गत नई तकनीकी की नव कल्पना को गवर्नेंस में उतारने के लिए नगर निगम देहरादून द्वारा एक्सिस बैंक के साथ मिलकर प्रदेश की नगर निकायों में प्रथम एआई बेस्ड चैट बोट लांच किया गया जिसका नाम निगम सारथी रखा गया उक्त चैट बॉक्स के माध्यम से निगम क्षेत्र वासियों को नगर निगम की कार्य प्रणाली नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्य उनकी गुणवत्ता डिजाइन उपयोगिता आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त हो सकेगी तथा क्षेत्र वासियों द्वारा इसमें नगर निगम को फीडबैक भी दिया जा सकेगा।
साथ ही नगर निगम देहरादून द्वारा शहर में वायु की गुणवत्ता में और अधिक सुधार लाने के लिए तैयार की गई हरित नीति का अनावरण भी माननीय मुख्यमंत्री जी के करकमलों द्वारा किया गया जिसके अंतर्गत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बृहद वृक्षारोपण आदि का कार्य किया जाएगा।
इस प्रकार के हरित प्रकल्पों को और भी क्षेत्रों में विस्तारित करने की योजना नगर निगम की है, जिससे शहर में पर्यावरणीय संतुलन कायम रखा जा सके।
इस पहल को स्थानीय नागरिकों द्वारा भी सराहा गया है और उन्होंने इसे “स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम” बताया है।