रुद्रप्रयाग/गुप्तकाशी: उत्तराखंड राज्य में चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर बड़ा ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से खेलते हुए शातिर ठगों ने 32 लोगों से लाखों रुपए ऐंठ लिए।
गुजरात के सूरत निवासी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने 7 जुलाई को थाना गुप्तकाशी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर एक हेली कंपनी की साइट देखने के बाद दिए गए नंबर पर व्हाट्सएप चैटिंग के जरिए 32 लोगों के टिकट बुक करने की बात तय हुई। आरोपी ने बैंक अकाउंट नंबर देकर भुगतान करने को कहा, लेकिन पैसे भेजने के बाद न तो टिकट मिला और न ही धनराशि वापस हुई।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और महज एक माह के भीतर इस ठगी का खुलासा कर दिया। पुलिस ने साइबर जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
श्रद्धालुओं में आक्रोश
इस घटना से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल यात्रियों की जेब पर भारी पड़ती हैं बल्कि यात्रा की पवित्रता पर भी आघात करती हैं।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट बुकिंग केवल सरकारी पोर्टल या अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से ही करें और किसी भी अनजान नंबर या संदिग्ध वेबसाइट पर भरोसा न करें।