महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर औरंगजेब विवाद को लेकर गरमा गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि राज्य में मुगल आक्रांताओं का महिमामंडन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद कुछ लोग लगातार औरंगजेब का गुणगान करने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
पुलिस का एक्शन
अकोला जिले में पुलिस ने ऐसे ही विवादित मामले में कड़ा एक्शन लिया है। जानकारी के अनुसार, ईद मिलाद उन नबी के जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने औरंगजेब की फोटो का दूध से अभिषेक किया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और करीब 8 से 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
हिंदू संगठनों का रुख
इस घटना के बाद हिंदू संगठनों ने सख्त आपत्ति जताई है। संगठनों का कहना है कि वे उसी स्थान को गंगाजल से पवित्र करेंगे। साथ ही उन्होंने पुलिस से यह मांग भी की है कि इस पूरे प्रकरण के पीछे किसका समर्थन या उकसावा है, इसकी गहन जांच की जाए।
सरकार का सख्त संदेश
राज्य सरकार ने दोहराया है कि छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती पर सनातन धर्म पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस का रुख साफ है कि महाराष्ट्र में मुगलों के महिमामंडन के लिए कोई जगह नहीं है।