ICRT उपमहाद्वीप पुरस्कार-2025: उत्तराखंड पर्यटन ने जीता सिल्वर खिताब

ICRT उपमहाद्वीप पुरस्कार-2025: उत्तराखंड पर्यटन ने जीता सिल्वर खिताब

नई दिल्ली। उत्तराखंड सरकार पर्यटन क्षेत्र में सतत विकास और जिम्मेदार निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में राज्य के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को यशोभूमि (आईआईसीसी), द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित आईसीआरटी भारतीय उपमहाद्वीप जिम्मेदार पर्यटन पुरस्कार-2025 एवं बीएलटीएम व्यापार शो में भाग लिया।

महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि यह अवसर केवल पुरस्कार वितरण का नहीं, बल्कि पर्यटन क्षेत्र में जिम्मेदार और सतत विकास के लिए प्रेरणा का संदेश है। उन्होंने उन सभी संगठनों, उद्यमियों और समुदायों को बधाई दी जिन्हें इस वर्ष की मान्यता सूची में शामिल किया गया।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड को भी इस सूची में स्थान मिला है, जो राज्य की प्रतिबद्धता और सतत पर्यटन मॉडल की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रमाण है।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड पर्यटन को आईसीआरटी भारत एवं उपमहाद्वीप पुरस्कार-2025 का सिल्वर अवॉर्ड प्रदान किया गया। इस पुरस्कार सूची में भारत, श्रीलंका, नेपाल और मालदीव के कुल 17 संगठनों को शामिल किया गया।

सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य की नीतियां ग्रामीण पर्यटन, होम-स्टे योजनाओं और पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित हैं। सरकार का लक्ष्य है कि पर्यटन केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित न रहे, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी भी निभाए।