उत्तरकाशी। यमुनोत्री हाईवे पिछले 17 दिनों से बंद है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच खरसाली गांव की एक गर्भवती महिला रितिका की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सड़क मार्ग बाधित होने के कारण जिला प्रशासन की मदद से हेली सेवा के माध्यम से महिला को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।
जानकीचट्टी चिकित्सा प्रभारी डॉ. हरदेव सिंह पंवार ने बताया कि प्रसव पीड़ा बढ़ने पर तत्काल प्रशासन को सूचित किया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण हवाई मार्ग से महिला को सुरक्षित ऋषिकेश रेफर किया गया।
सड़क बंद होने से बढ़ी मुश्किलें
लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते यमुनोत्री हाईवे पिछले 17 दिन से बंद है। इससे न सिर्फ तीर्थयात्रियों को परेशानी हो रही है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।