देहरादून:कभी सिर्फ लाइसेंस संबंधी औपचारिकताओं तक सीमित रहने वाला राइफल क्लब फंड अब जरूरतमंदों के लिए जीवनरेखा बन रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने इस फंड से छह असहाय, अक्षम और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को ₹25-25 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। कुल ₹1.50 लाख की राशि जरूरतमंदों तक पहुंचाई गई।
डीएम बंसल ने कहा कि राइफल क्लब को अब “समाज सेवा का जरिया” बनाया गया है। उन्होंने कहा, “हम इस लग्जरी फंड का उपयोग समाज के सबसे कमजोर वर्ग को संबल देने के लिए कर रहे हैं।”
इन लोगों को मिली मदद:
- शमशेर सिंह (75 वर्ष) – मकान जर्जर होने पर मिली आर्थिक सहायता।
- प्रियंका कुकरेती (चंद्रबनी) – पिता के निधन के बाद दो दिव्यांग भाइयों की जिम्मेदारी, अब पढ़ाई का खर्च प्रशासन उठाएगा।
- सूरज (मेहूवाला माफी) – हाई वोल्टेज करंट से दोनों पैर गंवाने के बाद अब कृत्रिम अंग और दुकान लगाने की उम्मीद।
- मनीष (सहस्त्रधारा) – दुर्घटना में आंख गंवाने पर अब कृत्रिम आंख लगवाने में सहायता मिलेगी।
- आनंदी देवी (बनियावाला) – पति लापता, आय के अभाव में आर्थिक मदद दी गई।
- किरण धीमान (रायपुर रोड) – खुद किडनी की बीमारी से जूझ रही और पति मानसिक रूप से अस्वस्थ, इलाज के लिए सहायता दी गई।
डीएम ने कहा, “यह छोटी राशि नहीं, बल्कि जीवन में बड़ा सहारा है। इसे रोजगार का जरिया बनाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।”
अब तक ₹12.55 लाख की राशि राइफल क्लब फंड से वितरित की जा चुकी है। यह फंड शस्त्र लाइसेंस, नवीनीकरण, एनओसी और पंजीकरण शुल्क से एकत्रित होता है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जरूरतमंदों की पहचान कर सहायता पहुंचाने का अभियान जारी है। डीएम ने एसडीएम कुमकुम जोशी और तहसील टीम के कार्य की सराहना की।