राष्ट्रपति मुर्मू होंगी उत्तराखंड रजत जयंती सत्र की साक्षी, पीएम मोदी 9 नवंबर को करेंगे सैन्य धाम का उद्घाटन

राष्ट्रपति मुर्मू होंगी उत्तराखंड रजत जयंती सत्र की साक्षी, पीएम मोदी 9 नवंबर को करेंगे सैन्य धाम का उद्घाटन

देहरादून। उत्तराखंड राज्य गठन की रजत जयंती वर्षगांठ पर प्रदेश में भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस ऐतिहासिक अवसर की साक्षी खुद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बनेंगी। राष्ट्रपति 2 नवंबर को देहरादून पहुंचेंगी और 3-4 नवंबर को आयोजित होने वाले विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र में शामिल होंगी।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बताया कि सत्र के आयोजन के लिए राजभवन से अधिसूचना जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह सत्र उत्तराखंड के विकास, नीति निर्धारण और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने वाला साबित होगा।

सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू 2 नवंबर की शाम को देहरादून पहुंचेंगी, रात्रि विश्राम यहीं करेंगी और अगले दिन विशेष सत्र के उद्घाटन सत्र में उपस्थित रहेंगी। राष्ट्रपति इसके बाद 4 नवंबर को नैनीताल और हरिद्वार का दौरा करेंगी।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पर उत्तराखंड आएंगे। वह इस दौरान देहरादून में सैन्य धाम का उद्घाटन करेंगे।

उत्तराखंड की रजत जयंती के मौके पर सरकार कई महत्वपूर्ण निर्णयों और प्रस्तावों की घोषणा कर सकती है। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण से जुड़ा कोई बड़ा फैसला भी संभव है।

प्रदेशभर में रजत जयंती समारोह को लेकर भव्य कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं। यह सत्र उत्तराखंड के विकास के नए आयामों की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।