बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और कवि कुमार विश्वास पहुंचे उत्तरकाशी, मां यमुना से लिया आशीर्वाद, गंगनानी से शुरू की सनातन यात्रा

बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और कवि कुमार विश्वास पहुंचे उत्तरकाशी, मां यमुना से लिया आशीर्वाद, गंगनानी से शुरू की सनातन यात्रा

उत्तरकाशी। प्रसिद्ध कथा वाचक बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास अपनी धार्मिक यात्रा के तहत उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के गंगनानी पहुंचे।
दोनों ने यमुना तट पर विधिवत पूजा-अर्चना कर मां यमुना का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मां यमुना मंदिर में दर्शन कर देश और दुनिया की सुख-शांति की कामना की।

गंगनानी में की विशेष पूजा, सीडीओ ने किया स्वागत

5 नवंबर, बुधवार को धीरेंद्र शास्त्री और कुमार विश्वास हेलीकॉप्टर से यमुनोत्री धाम के समीप त्रिवेणी संगम गंगनानी पहुंचे।
यहां मुख्य विकास अधिकारी जय भारत ने दोनों अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
गंगनानी में पुलिस और प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर यमुनोत्री मंदिर समिति, गंगा समिति और ऋषि जमदग्नि समिति की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

मां यमुना की स्वच्छ धारा का संदेश

पूजन के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा —

“हम चाहते हैं कि जिस तरह मां यमुना और गंगा की धारा उत्तराखंड में स्वच्छ और पवित्र बह रही है, उसी तरह दिल्ली समेत देश के अन्य नगरों में भी मां यमुना की धारा निर्मल बहे।”

उन्होंने कहा कि उनकी यह सनातन यात्रा न केवल धार्मिक भावना का प्रतीक है बल्कि हिंदू राष्ट्र और संस्कृति के जागरण का आह्वान भी है।

खरसाली में मां यमुना के शीतकालीन प्रवास का किया दर्शन

गंगनानी के बाद दोनों श्रद्धालु खरसाली गांव पहुंचे।
यहां स्थित मां यमुना के शीतकालीन मंदिर में उन्होंने आरती और पूजा-अर्चना की।
शास्त्री जी ने कहा कि वे अपनी यात्रा की शुरुआत मां यमुना और मां गंगा का आशीर्वाद लेकर कर रहे हैं, ताकि सनातन संस्कृति की ऊर्जा और पवित्रता देशभर में फैल सके।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई दिशा

गंगनानी मंदिर के पुजारी अंकित डिमरी ने बताया कि शास्त्री जी और कुमार विश्वास के आगमन से स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगी।
इस दौरान गंगा मंदिर समिति के सदस्यों ने प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग भी रखी और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

देहरादून में मुख्यमंत्री धामी से की भेंट

गंगनानी और खरसाली में पूजा-अर्चना के बाद पंडित धीरेंद्र शास्त्री और कुमार विश्वास देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री धामी ने दोनों का शासकीय आवास पर स्वागत किया और उनकी सनातन यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।