दुःखद: आंदोलनरत उपनल महिला कर्मी की ब्रेन हेमरेज से मौत…

दुःखद: आंदोलनरत उपनल महिला कर्मी की ब्रेन हेमरेज से मौत…

देहरादून में उपनल आंदोलन में शामिल एक महिला कर्मी की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ पिछले एक हफ्ते से परेड मैदान में चल रहे धरने में लगातार शामिल हो रही थी। दोनों ही पति-पत्नी उपनल कर्मी थे।

उपनल महासंघ ने दावा किया है कि सरकार द्वारा आंदोलन की अनदेखी किए जाने के चलते महिला गहरे तनाव (डिप्रेशन) में चली गई थी, जिसके कारण उसकी मृत्यु हुई। संगठन ने सरकार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

दिवंगत महिला कर्मी नीलम डोभाल, उपनल के माध्यम से जिला निर्वाचन कार्यालय देहरादून में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात थीं। आंदोलन स्थल पर साथी कर्मचारियों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मौके पर मौजूद आंदोलनकारियों में दुख और आक्रोश का माहौल है।

उधर, साथी कर्मचारियों ने आंदोलन को जारी रखने और सरकारी स्तर पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति किसी अन्य कर्मी के साथ न हो।

यह घटना उपनल आंदोलन को नया मोड़ दे सकती है, क्योंकि कर्मचारी पहले से ही अपनी मांगों को लेकर सरकार से समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।