गुरुकुल कांगड़ी हेलिपैड पर सीएम धामी का जोरदार स्वागत, किसानों ने किया सम्मान

गुरुकुल कांगड़ी हेलिपैड पर सीएम धामी का जोरदार स्वागत, किसानों ने किया सम्मान

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी हेलिपैड पर आज किसानों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जोरदार स्वागत किया। किसानों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को फूलों की माला पहनाकर, पुष्पवर्षा कर और गन्ना भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित किसानों ने उन्हें “किसान पुत्र” की उपाधि देकर अपने विश्वास और समर्थन का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने किसानों के इस सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के संरक्षण और उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों की मांगों और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर ₹405 प्रति क्विंटल किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में ₹30 अधिक है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि चीनी मिलें किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। जहाँ भी भुगतान में देरी या क्रय में समस्या सामने आती है, उसे तुरंत सुधारने के निर्देश दिए जाएँगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर किसान सम्मान निधि, समय पर भुगतान और समर्थन मूल्य जैसी नीतियों से किसान हितों को मजबूत करने पर काम कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लक्सर क्षेत्र के गंगदासपुर की सड़क को ऊँचा करने की घोषणा भी की। इसके साथ ही इकबालपुर और सितारगंज की बंद चीनी मिलों से प्रभावित किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।

प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में किसान हितों के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं और गन्ने के बढ़े हुए मूल्य से लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, मेयर रूड़की अनिता अग्रवाल, उपाध्यक्ष/मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित बड़ी संख्या में किसान और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share
RSS
Follow by Email