खेल मंत्री ने अंडर-19 वर्ग की 55 किलोग्राम कैटेगरी में स्वर्ण पदक विजेता सार्थक ममगाई, रजत पदक विजेता मोहसिन तथा कांस्य पदक विजेता दीपक पटवाल और विवान शर्मा को सम्मानित किया। वहीं अंडर-19 के 60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता हिमांशु, रजत पदक विजेता शिवराज और कांस्य पदक विजेता आयुष भट्ट व प्रियांशु मेहता को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पहले खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं का अभाव था, लेकिन अब उत्तराखंड में अच्छे स्तर का खेल ढांचा विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ी यदि पूरी मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ें, तो वे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
मंत्री ने कहा कि खेलों को गंभीरता से अपनाने वाले युवाओं का भविष्य सुरक्षित है। उन्होंने खिलाड़ियों से अभी से 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 के ओलंपिक खेलों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। सरकार का उद्देश्य है कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड के अधिक से अधिक खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करें और पदक जीते।