आईपीएस निवेदिता कुकरेती बनीं विशेष सचिव गृह, सुनील कुमार मीणा को बनाया गया उत्तराखंड पुलिस का मुख्य प्रवक्ता

आईपीएस निवेदिता कुकरेती बनीं विशेष सचिव गृह, सुनील कुमार मीणा को बनाया गया उत्तराखंड पुलिस का मुख्य प्रवक्ता

देहरादून। उत्तराखंड गृह विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। अपर सचिव गृह की जिम्मेदारी संभाल रहीं वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को विशेष सचिव गृह नियुक्त किया गया है। इस संबंध में गृह सचिव शैलेश बगौली ने आदेश जारी कर दिए हैं।

आईपीएस निवेदिता कुकरेती इसी वर्ष आईजी पद पर पदोन्नत हुई हैं। इससे पहले वे कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और पुलिस पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। वर्तमान में उनके पास एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की भी जिम्मेदारी है। गृह विभाग और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा गया है। इससे पूर्व आईजी रिद्धिम अग्रवाल गृह विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं, जिन्हें पिछले वर्ष आईजी कुमाऊं की जिम्मेदारी दी गई थी।

वहीं, वर्ष 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार मीणा को उत्तराखंड पुलिस का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। इस संबंध में डीजीपी दीपम सेठ ने सोमवार शाम आदेश जारी किए। वर्तमान में आईजी सुनील कुमार मीणा कानून व्यवस्था का प्रभार संभाल रहे हैं और वे प्रदेश के कई जिलों में पुलिस कप्तान के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

पुलिस मुख्यालय में उनकी यह नई जिम्मेदारी संचार, मीडिया समन्वय और सूचना प्रबंधन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।