क्या आपका गैस सिलेंडर एक्सपायर तो नहीं ? घर बैठे ऐसे करें जांच, वरना बढ़ सकता है हादसे का खतरा

क्या आपका गैस सिलेंडर एक्सपायर तो नहीं ? घर बैठे ऐसे करें जांच, वरना बढ़ सकता है हादसे का खतरा

आज के समय में लगभग हर घर की रसोई गैस सिलेंडर पर निर्भर है। सुबह की चाय से लेकर रात के खाने तक एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन कई लोग एक बेहद जरूरी बात को नजरअंदाज कर देते हैं—गैस सिलेंडर की एक्सपायरी डेट।

अगर सिलेंडर एक्सपायर हो चुका हो, तो उससे गैस लीकेज, आग लगने या ब्लास्ट जैसी गंभीर घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। यही कारण है कि सिलेंडर इस्तेमाल करने से पहले उसकी वैधता की जांच करना बेहद जरूरी है।

कैसे चेक करें गैस सिलेंडर की एक्सपायरी डेट?
एलपीजी सिलेंडर की एक्सपायरी डेट उसके ऊपरी हिस्से में लगी लोहे की पट्टी पर लिखी होती है। वहां आपको A-28, B-29, C-26 या D-27 जैसे कोड दिखाई देते हैं। यही कोड सिलेंडर की वैधता बताते हैं।
A = जनवरी से मार्च
B = अप्रैल से जून
C = जुलाई से सितंबर
D = अक्टूबर से दिसंबर

कोड में लिखा नंबर साल को दर्शाता है।
उदाहरण के तौर पर:
D-27 का मतलब है कि सिलेंडर 2027 के अक्टूबर से दिसंबर तक वैध है
B-29 का अर्थ है कि सिलेंडर 2029 के अप्रैल से जून तक इस्तेमाल किया जा सकता है
इस कोड को समझकर आप घर बैठे आसानी से अपने गैस सिलेंडर की एक्सपायरी चेक कर सकते हैं।

एक्सपायर गैस सिलेंडर क्यों होता है खतरनाक?
एक्सपायर सिलेंडर सिर्फ तारीख में पुराना नहीं होता, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी कमजोर हो जाता है। समय के साथ:
सिलेंडर की धातु कमजोर पड़ सकती है
वाल्व में खराबी आ सकती है
अंदर का प्रेशर झेलने की क्षमता कम हो जाती है
ऐसे में गैस लीकेज, आग लगने या विस्फोट का खतरा बढ़ जाता है।

क्या करें अगर सिलेंडर एक्सपायर हो?
अगर आपके सिलेंडर की पट्टी पर लिखी वैधता समाप्त हो चुकी है, तो उसे इस्तेमाल न करें। तुरंत अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर सिलेंडर बदलवाएं। साथ ही, डिलीवरी के समय सिलेंडर की एक्सपायरी डेट जरूर चेक करने की आदत डालें।
यह छोटा सा एहतियाती कदम आपके घर और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है।