दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग पर सख्त कार्रवाई, 9 सीनियर छात्र निष्कासित, दो पर ₹50-50 हजार का जुर्माना

दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग पर सख्त कार्रवाई, 9 सीनियर छात्र निष्कासित, दो पर ₹50-50 हजार का जुर्माना

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग के गंभीर मामले में कॉलेज प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। एमबीबीएस के नौ सीनियर छात्रों को कॉलेज और हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। इनमें से दो छात्रों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इस संबंध में कॉलेज की प्राचार्य की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।

एंटी रैगिंग कमेटी की जांच में 9 छात्र दोषी
सोमवार को एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट कॉलेज प्रबंधन को सौंप दी। रिपोर्ट में नौ सीनियर छात्रों को दोषी पाया गया।

एमबीबीएस 2023 और 2024 बैच के दो छात्र
2 महीने के लिए कॉलेज से निष्कासित
हॉस्टल और इंटर्नशिप से स्थायी निष्कासन
₹50-50 हजार का जुर्माना

2023 बैच के 4 और 2024 बैच के 3 छात्र
1 महीने के लिए कॉलेज से निष्कासन
3 महीने के लिए हॉस्टल से बाहर
कॉलेज प्रशासन ने सभी के खिलाफ कड़े निर्देश जारी किए हैं।

12 जनवरी की रात हुई थी रैगिंग
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, 12 जनवरी की रात एमबीबीएस 2025 बैच के दो जूनियर छात्रों के साथ 2023 और 2024 बैच के सीनियर छात्रों ने मिलकर रैगिंग की थी। मामले की शिकायत हॉस्टल वार्डन द्वारा 13 दिसंबर को दर्ज कराई गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए 15 जनवरी को प्रकरण एंटी-रैगिंग कमेटी को सौंपा गया।

एचएनबी मेडिकल विवि को रिपोर्ट देने में हुई देरी
एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय की ओर से रैगिंग प्रकरण को लेकर कॉलेज से जवाब तलब किया गया था। सोमवार को जांच पूरी होने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रबंधन को देर रात तक रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई।
विवि के रजिस्ट्रार डॉ. आशीष उनियाल ने बताया कि रात 9 बजे तक भी रैगिंग से जुड़ी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। विश्वविद्यालय को यह रिपोर्ट यूजीसी को भेजनी थी।

प्रथम वर्ष के छात्रों का हॉस्टल अलग करने की तैयारी
भविष्य में रैगिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कॉलेज प्रशासन ने अहम कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को प्राचार्य ने सभी हॉस्टल वार्डनों के साथ बैठक कर परिसर का निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए अलग हॉस्टल व्यवस्था पर विचार किया गया। कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन नए हॉस्टल को इसके लिए चिह्नित किया जा सकता है।

प्राचार्य का बयान
डॉ. गीता जैन, प्राचार्य, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय ने कहा—
“रैगिंग मामले में नौ छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दो छात्रों पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है। भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस योजना बनाई जा रही है।”