देहरादून। उत्तराखंड हाई कोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को अपराह्न दो बजे लोक भवन, देहरादून में आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश रहे मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इस संबंध में भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने गुरुवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 217(1) के अंतर्गत की गई है।
न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को आठ जनवरी को मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की अधिसूचना जारी हुई थी। वे उत्तराखंड हाई कोर्ट के 15वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।
शिक्षा और न्यायिक सफर
न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने लखनऊ विश्वविद्यालय से वर्ष 1987 में एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। छह दिसंबर 1987 को उन्होंने अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कर कानूनी अभ्यास शुरू किया। वकालत के दौरान उन्होंने मुख्य रूप से सिविल, संवैधानिक और किराया नियंत्रण से जुड़े मामलों में विशेषज्ञता हासिल की और इलाहाबाद हाई कोर्ट में अपनी सशक्त पहचान बनाई।
12 अप्रैल 2013 को उन्हें इलाहाबाद हाई कोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया, जबकि 10 अप्रैल 2015 को वे स्थायी न्यायाधीश बने। इसके बाद 22 नवंबर 2023 से चार फरवरी 2024 तक उन्होंने इलाहाबाद हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।
न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता के शपथ ग्रहण के साथ ही उत्तराखंड हाई कोर्ट को एक अनुभवी और संवैधानिक मामलों के जानकार मुख्य न्यायाधीश का नेतृत्व मिलेगा।