देहरादून। राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने शहर को दहला दिया। सिटी सेंटर स्थित एक जिम के बाहर अज्ञात हमलावरों ने 45 वर्षीय स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को दिनदहाड़े अंजाम दिए जाने से इलाके में दहशत फैल गई।
जिम से बाहर निकलते ही बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से काशीपुर निवासी विक्रम शर्मा वर्तमान में देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह जिम पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लगभग 10:30 बजे जैसे ही वह जिम से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पूरी प्लानिंग के साथ आए थे हमलावर
बताया जा रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। दो हमलावर वारदात को अंजाम देने आए, जबकि एक साथी मुख्य सड़क पर बाइक लेकर तैयार खड़ा था। हत्या के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार, मृतक को किसी प्रकार के खतरे की आशंका थी और वह अपने साथ पिस्टल भी लेकर आए थे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें संभलने या हथियार निकालने का मौका तक नहीं दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश में शहरभर में नाकेबंदी की गई है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या कारोबारी विवाद जैसे सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।