सीएम धामी के कार्यक्रम स्थल के पास कार से मिला शव, क्षेत्र में हड़कंप

सीएम धामी के कार्यक्रम स्थल के पास कार से मिला शव, क्षेत्र में हड़कंप

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल के पास एक कार के भीतर 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली कि अस्पताल के पास एक कार में व्यक्ति बंद अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार के सभी शीशे बंद थे और एसी चालू था। युवक की पहचान बरेली रोड स्थित घूंघट बैंक्वेट हॉल के स्वामी अरुण बिष्ट के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों ने काफी देर से खड़ी संदिग्ध कार को देखकर पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार का दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला गया। एसी चलते रहने के कारण युवक का शरीर पूरी तरह ठंडा पड़ चुका था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना स्थल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के नजदीक होने के कारण खुफिया विभाग भी सतर्क हो गया। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।