प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के दुरुपयोग पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा निर्णय लिया है। सरकारी वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन प्राप्त कर रहे 1377 संदिग्ध मामलों का जनपदवार सत्यापन कराया गया है। जांच में अपात्र पाए गए लाभार्थियों की पेंशन तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जिन व्यक्तियों ने नियमों के विपरीत सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लिया है, उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पूरे मामले में प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र लोगों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अधिकारियों को सतर्कता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।