देहरादून, 20 फरवरी। दिव्यांगजनों की प्रतिभा, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से 21 फरवरी 2026 से 01 मार्च 2026 तक देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में “दिव्य कला मेला” आयोजित किया जा रहा है। यह 9 दिवसीय मेला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जबकि इसकी नोडल एजेंसी राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम है।
16 राज्यों से 100 दिव्यांग कारीगर होंगे शामिल
इस मेले में लगभग 16 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 100 दिव्यांग कारीगर, कलाकार और उद्यमी भाग लेंगे। यहां हस्तशिल्प, हथकरघा, कढ़ाई कार्य, होम डेकोर एवं लाइफस्टाइल उत्पाद, वस्त्र, स्टेशनरी, पर्यावरण अनुकूल सामग्री, पैकेज्ड एवं ऑर्गेनिक खाद्य उत्पाद, खिलौने, उपहार, आभूषण, क्लच बैग और दैनिक उपयोग की वस्तुएं एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगी।
यह आयोजन “वोकल फॉर लोकल” की भावना को सशक्त करते हुए दिव्यांग उद्यमियों के उत्पादों को बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
23 करोड़ से अधिक का कारोबार दर्ज
पिछले तीन वर्षों में देशभर में आयोजित 29 दिव्य कला मेलों ने सांस्कृतिक विविधता के प्रदर्शन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। इन मेलों के माध्यम से अब तक 23 करोड़ रुपये से अधिक का व्यवसाय दर्ज किया जा चुका है, जिससे दिव्यांग कारीगरों और उद्यमियों को व्यापक बाजार अवसर प्राप्त हुए हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष आयोजन
मेला प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक आम जनता के लिए निशुल्क खुला रहेगा।
दिव्यांग एवं प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
विभिन्न क्षेत्रों के व्यंजनों का स्वाद
अनुभव क्षेत्र, दिव्यांग खेल और कला प्रदर्शनियां
दिव्यांग स्टार्टअप्स और नवीन सहायक उपकरणों की प्रदर्शनी
26 फरवरी को रोजगार मेला
26 फरवरी 2026 को दिव्यांगजनों के लिए विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, स्वरोजगार के लिए ऋण स्वीकृति की भी व्यवस्था की जाएगी।
01 मार्च को “दिव्य कला शक्ति” कार्यक्रम
01 मार्च 2026 को “दिव्य कला शक्ति” नामक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें देशभर के दिव्यांग कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस मेले का उद्घाटन 22 फरवरी 2026 को सायं 12:00 बजे उत्तराखंड के राज्यपाल एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री, भारत सरकार द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
दिव्य कला मेला न केवल दिव्यांगजनों की क्षमताओं और कौशल को प्रदर्शित करने का मंच है, बल्कि समाज को संवेदनशील बनाने और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त पहल भी है।