यहाँ जयमाला में विवाद के बाद टूटी शादी, बंधक बने दूल्हा और पिता, बिना दुल्हन लौटी बारात

यहाँ जयमाला में विवाद के बाद टूटी शादी, बंधक बने दूल्हा और पिता, बिना दुल्हन लौटी बारात

हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब जयमाला के दौरान दूल्हा-दुल्हन के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दुल्हन ने शादी से साफ इंकार कर दिया और अंततः बारात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में रुड़की से बारात आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जयमाला की रस्म शुरू होने ही वाली थी कि दूल्हा-दुल्हन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजन भी आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

इसी दौरान दुल्हन ने स्पष्ट शब्दों में शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन पक्ष का कहना था कि दूल्हे के बेरोजगार होने की बात उनसे छिपाई गई थी और वह ऐसी स्थिति में विवाह नहीं करना चाहती।

बंधक बनाने का आरोप, पुलिस पहुंची मौके पर

आरोप है कि गुस्साए दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे, उसके पिता और एक अन्य बाराती को कुछ समय के लिए बंधक बना लिया। शादी का मंडप देखते ही देखते अखाड़े में बदल गया और गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस की मध्यस्थता से बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाया गया।

समझौते के बाद लौटी बारात

बताया जा रहा है कि विवाद सुलझाने और मामले को शांत कराने के लिए दूल्हा पक्ष को हर्जाने के तौर पर एक मोटी रकम चुकानी पड़ी। इसके बाद बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटने की अनुमति दी गई।

थाना अध्यक्ष के अनुसार, मामला वरमाला के दौरान कहासुनी से जुड़ा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को सख्त हिदायत दी। बाद में ग्राम प्रधान द्वारा सूचना दी गई कि आपसी समझौता हो गया है और बारात वापस भेज दी गई है।