देहरादून। अजय नौडियाल समेत छह अधिकारियों को शिक्षा विभाग में पदोन्नति दी गई है। वर्तमान में बेसिक शिक्षा निदेशक पद पर तैनात नौडियाल 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं और उन्हें रिटायरमेंट से दो दिन पहले पदोन्नति का लाभ मिला है।
विधायक उमेश शर्मा काऊ से विवाद को लेकर चर्चा में रहे अजय नौडियाल अब पूर्णकालिक निदेशक बन गए हैं। विभागीय पदोन्नति चयन समिति की संस्तुति के बाद शिक्षा सचिव रविनाथ रमन ने पदोन्नति आदेश जारी किए। वह अपर निदेशक रहते हुए प्रारंभिक शिक्षा निदेशक का कार्यभार संभाल रहे थे। उन्हें निदेशक पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पदोन्नति प्रदान की गई है।
इसके अलावा मेहरबान सिंह बिष्ट, कुंवर सिंह रावत, बृजमोहन सिंह रावत, पदमेंद्र सकलानी और परमेंद्र कुमार को भी अपर निदेशक पद पर पूर्णकालिक पदोन्नति दी गई है। पदोन्नति प्राप्त सभी अधिकारी राज्य शैक्षिक सेवा प्रशासनिक संवर्ग से संबंधित हैं।