भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में भारतीय ज्ञान परंपरा से लैस एआई चैटबॉट ‘प्रज्ञानम्’ जल्द होगा लॉन्च, श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने अहम पहल की है। विश्वविद्यालय ने एआई आधारित चैटबॉट ‘प्रज्ञानम्’ तैयार किया है, जिसे जल्द ही लॉन्च किया जाएगा।
सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल गुरमीत सिंह के समक्ष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.के. जोशी ने इस चैटबॉट का प्रस्तुतीकरण किया और इसकी कार्यप्रणाली व उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
कुलपति के अनुसार ‘प्रज्ञानम्’ प्राचीन भारतीय ज्ञान और आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का अनूठा संगम है। इसे वेद, उपनिषद, पुराण, प्राचीन भारतीय गणित, आयुर्वेद, दर्शन और भारतीय विज्ञान जैसे विषयों के विस्तृत डाटाबैंक के आधार पर विकसित किया गया है।
इस चैटबॉट का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आमजन को भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी डिजिटल माध्यम से सरल और त्वरित रूप में उपलब्ध कराना है। यह शिक्षकों और शोधकर्ताओं के लिए एक डिजिटल ज्ञान सहायक के रूप में भी कार्य करेगा।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ज्ञान और तकनीक के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसी देवभूमि से इस प्रकार की नवाचारपूर्ण तकनीक का विकसित होना पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार ‘प्रज्ञानम्’ एआई चैटबॉट को जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराया जाएगा।