मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्पष्ट कहा है कि एलपीजी गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गैस की अवैध बिक्री और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी, स्टॉक जांच और निगरानी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश में एलपीजी गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। बैठक में पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को मांग के अनुसार समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
अधिकारियों द्वारा छापेमारी की कार्रवाई और दर्ज एफआईआर का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गैस आपूर्ति की स्थिति पर लगातार फीडबैक लें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी परिस्थिति में उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति बाधित न हो।