देहरादून: उत्तराखंड में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदेशभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 280 निरीक्षण किए गए और 58 स्थानों पर छापेमारी की गई।
इस कार्रवाई के दौरान अवैध भंडारण और दुरुपयोग के मामलों में 74 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार इस मामले में अब तक चार एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इसके अलावा एक गैस काटा और दो अवैध रिफिलिंग किट भी बरामद की गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान कई जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। पकड़े गए मामलों में शामिल लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं बड़े स्तर पर गैस की अवैध आपूर्ति या रिफिलिंग का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
यह अभियान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इसी तरह के सघन अभियान जारी रहेंगे और गैस की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री या रिफिलिंग की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।