देहरादून, 17 मार्च। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक अवर अभियंता को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजली घर में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। आरोपी अभियंता पर आरोप है कि वह शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम से खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन जारी करने और विद्युत भार बढ़ाने के एवज में यह रकम मांग रहा था।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत की रकम स्वीकार करते ही मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।