गौचर (चमोली): नगरपालिका क्षेत्र गौचर स्थित संस्कार द सेकेंडरी स्कूल के छह विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। शिक्षकों के मार्गदर्शन, अनुशासित तैयारी और कड़ी मेहनत के बल पर छात्रों ने यह सफलता हासिल की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि इस वर्ष कुल 10 विद्यार्थियों ने सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में हिस्सा लिया था, जिनमें से 6 छात्रों ने सफलता प्राप्त की। सफल विद्यार्थियों में कक्षा-10 के अभिनव बिष्ट, कक्षा-8 के रिदित राणा और अभिनय नेगी, कक्षा-7 के अंशुमन कोहली, कार्तिक नेगी और शिवांश शामिल हैं।
विद्यालय के संरक्षक राजेश लिंगवाल, प्रधानाचार्य सुरेन्द्र बिष्ट, वाइस प्रिंसिपल कविता कांडपाल, विज्ञान शिक्षक महेश रोतेला व पवन कुमार सहित अभिभावकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाचार्य सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि संस्कार द सेकेंडरी स्कूल गौचर का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की भावना से प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के छात्र पहले भी जिला और प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय आगे भी छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान कर सैनिक स्कूल जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। यह परिणाम विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण तैयारी और समर्पित शिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है।