उत्तराखंड में मौसम बदलेगा मिजाज, कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी

उत्तराखंड में मौसम बदलेगा मिजाज, कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department – IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून (Meteorological Centre Dehradun) ने उत्तराखंड के लिए मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में कल गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों (करीब 3500 मीटर या उससे अधिक) में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।

जारी चेतावनी के अनुसार हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के दौर पड़ने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।