देहरादून। उत्तराखंड शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशों के तहत अब विवाह समारोहों के लिए अधिकतम 2 व्यावसायिक (कमर्शियल) गैस सिलेंडर आवंटित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने इस संबंध में सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, आवेदन प्राप्त होने पर संबंधित गैस एजेंसी के माध्यम से अस्थायी रूप से अधिकतम दो कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आवेदन के साथ निम्न दस्तावेज अनिवार्य किए गए हैं:
10 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र
शादी का कार्ड
आधार कार्ड
उपयोग के बाद इन सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी को वापस करना होगा।
अब तक 75 आवेदन प्राप्त
जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक कुल 75 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिन पर कार्रवाई करते हुए सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने कुल स्टॉक का 10 प्रतिशत हिस्सा इस व्यवस्था के लिए सुरक्षित रखें।
छोटे उपभोक्ताओं के लिए भी राहत
छोटे दुकानदारों, विद्यार्थियों और श्रमिकों को राहत देने के लिए 5 किलोग्राम के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ऑयल कंपनियों को भी अधिक मात्रा में कमर्शियल और छोटे सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे विवाह समारोह से 10–12 दिन पहले आवेदन कर दें, ताकि समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र के कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई
जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर अब तक 13 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, जिले में एक दिन में लगभग 13,388 घरेलू और 807 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई है। वर्तमान में घरेलू सिलेंडरों का 16,767 और व्यावसायिक का 4,442 स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही गैस की आपूर्ति को लगातार बढ़ाया जा रहा है, ताकि किसी उपभोक्ता को परेशानी न हो।