पीएम मोदी के बाद अब CM धामी का आह्वान, ऊर्जा बचत और स्वदेशी अपनाने की अपील

पीएम मोदी के बाद अब CM धामी का आह्वान, ऊर्जा बचत और स्वदेशी अपनाने की अपील

देहरादून। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ऊर्जा संसाधनों की सप्लाई पर पड़ रहे असर के बीच पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से ऊर्जा बचत और स्वदेशी अपनाने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने और अनावश्यक खर्चों से बचने का आह्वान किया। उन्होंने एक साल तक सोने की खरीद से बचने की भी अपील की।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में तेलंगाना में आयोजित एक रैली के दौरान पश्चिम एशिया संकट के बीच विदेशी मुद्रा बचाने और ऊर्जा संसाधनों के सीमित उपयोग पर जोर दिया था। प्रधानमंत्री ने लोगों से मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के उपयोग, कारपूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने, रेलवे के जरिए पार्सल परिवहन और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की बात कही थी।

सीएम धामी ने कहा कि छोटे-छोटे संकल्प देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे सकते हैं। उन्होंने स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने, खाद्य तेल का सीमित उपयोग करने और रासायनिक उर्वरकों की जगह प्राकृतिक खाद अपनाने की भी अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के लोग हमेशा राष्ट्रहित में अग्रणी रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने में लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से कई देशों में ऊर्जा संकट की आशंका भी बढ़ रही है।