पीएम मोदी की अपील पर हरिद्वार डीएम पैदल पहुंचे दफ्तर, अधिकारियों से भी की ईंधन बचाने की अपील

पीएम मोदी की अपील पर हरिद्वार डीएम पैदल पहुंचे दफ्तर, अधिकारियों से भी की ईंधन बचाने की अपील

हरिद्वार। प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचाओ अपील का असर अब उत्तराखंड में भी दिखाई देने लगा है। हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को खुद पहल करते हुए अपने आवास से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च किया और अधिकारियों-कर्मचारियों से भी ऊर्जा बचत अभियान में सहयोग करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन कर्मचारियों और अधिकारियों का घर कार्यालय के पास है, वे पैदल ही दफ्तर आएं। साथ ही सरकारी बैठकों को अधिकतम वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अनावश्यक ईंधन खर्च को कम किया जा सके।

उन्होंने कार्यालयों में बिजली बचत पर भी जोर देते हुए कहा कि अनावश्यक लाइट, पंखे और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद रखें तथा कमरे से बाहर निकलते समय बिजली उपकरणों को स्विच ऑफ करना सुनिश्चित करें।
डीएम मयूर दीक्षित ने हरिद्वारवासियों से भी इस मुहिम में भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे बदलाव देशहित में बड़ा योगदान दे सकते हैं।

गौरतलब है कि रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट गहराया हुआ है। इसी को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन और ऊर्जा बचत के लिए व्यवहारिक बदलाव अपनाने का आह्वान किया था।