देहरादून। Mussoorie Dehradun Development Authority (MDDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देहरादून और ऋषिकेश क्षेत्र में आठ बहुमंजिला भवनों को सील कर दिया। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया, जिससे अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र और नियमों के विपरीत होने वाले निर्माण कार्यों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण लगातार निगरानी कर रहा है और नियम उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई की शुरुआत देहरादून की संस्कृति लोक कॉलोनी लेन नंबर-6बी से हुई, जहां बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण कार्य को सील किया गया। इसके बाद टीम ने ऋषिकेश के मानवीय नगर लेन नंबर-10 और लकड़घाट रोड, श्यामपुर क्षेत्र में भी अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की।
ऋषिकेश के निर्मल बाग ब्लॉक-बी गली नंबर-11 विस्थापित क्षेत्र में कई बहुमंजिला भवनों को नियमों के उल्लंघन में निर्माणाधीन पाए जाने पर सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार संबंधित भवन स्वामियों को पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने और निर्माण जारी रखने पर उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे और तय मानकों के विपरीत पाए गए। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्राधिकरण ने आम लोगों से अपील की है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक अनुमति और मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें।