बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान गिरफ्तार, एसआईटी की दूसरी बड़ी कार्रवाई

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान गिरफ्तार, एसआईटी की दूसरी बड़ी कार्रवाई

बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम के चर्चित चढ़ावा चोरी और कथित हेराफेरी मामले में एसआईटी (विशेष जांच दल) ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। लंबी पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। पुलिस शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी।

एसआईटी ने राजेंद्र चौहान को पूछताछ के लिए जोशीमठ से बदरीनाथ बुलाया था। कई घंटों तक चली पूछताछ के दौरान जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उनकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच एजेंसियों के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की तरह राजेंद्र चौहान की भूमिका भी चढ़ावे की राशि में कथित हेराफेरी के मामले में सामने आई है। उल्लेखनीय है कि राजेंद्र चौहान 30 जून को टेंपल अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

एसआईटी की जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में कुछ अन्य संदिग्ध लोगों की मौजूदगी भी सामने आई है। ऐसे में माना जा रहा है कि जांच का दायरा और बढ़ सकता है तथा आने वाले दिनों में इस मामले में अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

बदरीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्तृत पूछताछ के बाद राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच अभी जारी है और एसआईटी सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।