हरिद्वार कुंभ-2027 में 45 दिन चलेगा नेत्र कुंभ, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की जांच और 10 हजार ऑपरेशन का लक्ष्य

हरिद्वार कुंभ-2027 में 45 दिन चलेगा नेत्र कुंभ, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की जांच और 10 हजार ऑपरेशन का लक्ष्य

देहरादून: हरिद्वार कुंभ-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय नेत्र कुंभ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून के सभागार में आयोजित नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए अभियान की शुरुआत की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस महाशिविर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क आंखों की जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य रखा गया है। शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ केवल आस्था और आध्यात्मिक चेतना का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है। भारतीय संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है और नेत्र कुंभ इसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है। आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण कई लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक निःशुल्क सुविधाएं पहुंचाना सराहनीय पहल है।

उन्होंने बताया कि नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी ऐसे आयोजन किए गए। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की आंखों की जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के साथ यातायात तथा पैदल आवागमन की बेहतर व्यवस्था पर काम कर रही है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।