हरिद्वार: 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित संबंधित राज्यों के अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और आपदा प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को घातक हथियार या प्रतिबंधित सामग्री के साथ यात्रा में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी कांवड़ यात्रियों को अपने साथ वैध पहचान पत्र रखने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। उत्तराखंड की सीमाओं पर पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ संयुक्त चेक पोस्ट और बैरियर स्थापित किए जाएंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि यात्रा के प्रवेश बिंदुओं पर श्रद्धालुओं को यात्रा से जुड़े दिशा-निर्देश, सुरक्षा मानक और प्रतिबंधों की जानकारी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रमुख संतों और धार्मिक गुरुओं के संदेशों का मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि श्रद्धालु अनुशासित और सुरक्षित यात्रा करें।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) का उपयोग कांवड़ यात्रा के लिए नहीं किया जाएगा। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को पहले से आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक सामग्री का तत्काल तथ्यात्मक खंडन किया जाए। इसके लिए सभी राज्यों के सोशल मीडिया सेल और साइबर इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सेवाएं, पार्किंग, साइनेज और यातायात डायवर्जन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। रेलवे अधिकारियों को विशेष ट्रेनों के संचालन, स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) अभिनव कुमार, सचिव गृह शैलेश बगौली तथा हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी राज्यों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।