उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में पेपर लीक, दो परीक्षाएं रद्द, सहायक प्रोफेसर पर 7 साल का प्रतिबंध

उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में पेपर लीक, दो परीक्षाएं रद्द, सहायक प्रोफेसर पर 7 साल का प्रतिबंध

देहरादून। देशभर में पेपर लीक के मामलों पर चल रही बहस के बीच उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) में भी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो विषयों की सेमेस्टर परीक्षाएं तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। इस फैसले से विश्वविद्यालय से संबद्ध 12 इंजीनियरिंग संस्थानों के हजारों छात्र प्रभावित होंगे।

दो विषयों के प्रश्नपत्र हुए लीक

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वी.के. पटेल के अनुसार, ‘मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ और ‘इलेक्ट्रो मैग्नेटिक फील्ड थ्योरी’ विषयों के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले लीक होने की शिकायत मिली थी।

कुलपति के निर्देश पर गठित जांच समिति और संबंधित संस्थान की आंतरिक जांच में सामने आया कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून के सहायक प्रोफेसर डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने कथित रूप से प्रश्नपत्र छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन पोर्टल पर साझा किए।

सहायक प्रोफेसर पर 7 साल का प्रतिबंध

मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय ने आरोपी सहायक प्रोफेसर पर अगले सात वर्षों तक सभी परीक्षा संबंधी कार्यों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को परीक्षा की गोपनीयता और निगरानी में लापरवाही बरतने पर कड़ी चेतावनी जारी की गई है।

अगस्त के तीसरे सप्ताह में होंगी परीक्षाएं

विश्वविद्यालय ने दोनों परीक्षाएं निरस्त कर दी हैं। अब इनकी पुनर्परीक्षा अगस्त के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि और परीक्षा केंद्रों की सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

इन 12 इंजीनियरिंग संस्थानों के छात्र हुए प्रभावित

परीक्षा रद्द होने से निम्न संस्थानों के छात्र प्रभावित होंगे—

  • बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज, भीमताल
  • तुलाज इंस्टीट्यूट, देहरादून
  • बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान, द्वाराहाट
  • रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रुड़की
  • शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून
  • जयराम भाई पटेल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
  • माया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
  • बाबा फरीद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
  • THDC इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रो पावर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, टिहरी
  • सीमांत इंजीनियरिंग संस्थान, पिथौरागढ़
  • वूमेन्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
  • इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गोपेश्वर

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए निगरानी व्यवस्था को और अधिक सख्त किया जाएगा।