देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को फिटनेस, संस्कृति और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग 27 जुलाई से “डिजिटल यूथ फेस्टिवल” का आयोजन करने जा रहा है। राज्य युवा महोत्सव के तहत आयोजित होने वाला यह महोत्सव चार सप्ताह तक चलेगा, जिसमें प्रदेश के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे।
फेस्टिवल का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना, उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाना तथा उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और पर्यटन को डिजिटल माध्यम से बढ़ावा देना है।
महोत्सव के दौरान प्रत्येक सप्ताह एक फिटनेस चैलेंज और एक सांस्कृतिक या रचनात्मक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। फिटनेस चैलेंज में सूर्य नमस्कार, पुश-अप, स्क्वाट और स्किपिंग जैसी गतिविधियां शामिल होंगी, जबकि सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में पर्यटन, फोटोग्राफी, वीडियो और रील निर्माण सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए Fit Uttarakhand App पर पंजीकरण अनिवार्य होगा। प्रतिभागियों को अपनी वीडियो, रील और अन्य प्रविष्टियां इसी ऐप के माध्यम से अपलोड करनी होंगी। लीडरबोर्ड, परिणाम और डिजिटल प्रमाणपत्र भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन जिला स्तर पर गठित समिति द्वारा किया जाएगा। फिटनेस और सांस्कृतिक दोनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। जनपद स्तर पर चयनित विजेताओं को राज्य युवा महोत्सव के दौरान सम्मानित किया जाएगा, जबकि उत्कृष्ट प्रविष्टियों को विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रदर्शित किया जाएगा।
युवा कल्याण विभाग ने प्रदेश के सभी पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने और Fit Uttarakhand App डाउनलोड कर समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है।