हेमकुंड साहिब के कपाट 10 अक्टूबर को होंगे बंद, अब तक 2.38 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

हेमकुंड साहिब के कपाट 10 अक्टूबर को होंगे बंद, अब तक 2.38 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

चमोली। उत्तराखंड स्थित सिखों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 10 अक्टूबर को बंद कर दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 10 अक्टूबर को यात्रा का औपचारिक समापन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि निर्धारित तिथि से पहले अपनी यात्रा पूरी कर लें।
इस वर्ष हेमकुंड साहिब की यात्रा का शुभारंभ 23 मई को विधि-विधान के साथ हुआ था। कपाट खुलने के बाद से अब तक देश-विदेश से 2 लाख 38 हजार से अधिक श्रद्धालु पवित्र धाम के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह बना रहा।

15 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर है हेमकुंड साहिब
हेमकुंड साहिब समुद्र तल से 15 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित है। सात बर्फ से ढके पर्वत शिखरों से घिरे इस पवित्र धाम के बीच स्वच्छ हिमानी झील इसकी प्राकृतिक सुंदरता को और बढ़ाती है।
सिख परंपरा में हेमकुंड साहिब का विशेष धार्मिक महत्व है। हर साल देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कठिन पहाड़ी मार्ग से यात्रा कर यहां मत्था टेकने पहुंचते हैं।
यात्रा के कपाट बंद होने की तारीख नजदीक आने के साथ ही ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से मौसम और यात्रा की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 10 अक्टूबर से पहले दर्शन कर यात्रा पूरी करने की अपील की है।