देहरादून। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने शनिवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में 249 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से देश को वर्ष 2047 तक विकसित बनाने में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने नवनियुक्त युवाओं को आई गॉट कर्मयोगी पोर्टल से जुड़कर अपने कौशल और कार्यक्षमता को लगातार विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
आयकर विभाग में 121 युवाओं की नियुक्ति
कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र पाने वाले 249 अभ्यर्थियों में सबसे अधिक 121 की नियुक्ति आयकर विभाग में हुई है। इसके अलावा 53 अभ्यर्थियों को एम्स, जबकि 30 युवाओं को रेलवे में नियुक्ति मिली है।
वहीं, डाक विभाग में 20, प्रधान नियंत्रक रक्षा लेखा में 18 और भारतीय सर्वेक्षण विभाग में पांच अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। भारतीय प्रबंधन संस्थान और गृह मंत्रालय में एक-एक अभ्यर्थी को नियुक्ति मिली।
युवाओं और परिवारों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा का शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य आयकर आयुक्त रेणुका जैन गुप्ता ने स्वागत संबोधन दिया।
कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं के साथ उनके परिवारजन और बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं ने नई जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।