एशियन गेम्स में बड़ा झटका, वजन कम करने की कोशिश में  बेहोश हुआ भारतीय खिलाड़ी,बिना खेले क्वार्टरफाइनल से बाहर

एशियन गेम्स में बड़ा झटका, वजन कम करने की कोशिश में बेहोश हुआ भारतीय खिलाड़ी,बिना खेले क्वार्टरफाइनल से बाहर

एशियन गेम्स 2026। भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर वरुण सान्याल वजन कम करने की कोशिश के दौरान सॉना में बेहोश हो गए। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। नेपाल के एक एथलीट ने उन्हें बेहोशी की हालत में देखा और डॉक्टर तक पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने के बाद भारतीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
रिपोर्ट के मुताबिक, वरुण सान्याल शाम को अपनी टीम की साथी सुचिका तारियाल के साथ थे। इसके बाद वजन कम करने के लिए वह सॉना गए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

क्वार्टरफाइनल मुकाबला नहीं खेल सके
23 वर्षीय वरुण सान्याल पुरुषों की ट्रेडिशनल 77 किलोग्राम श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। शुरुआती दौर में बाय मिलने के कारण उन्होंने सीधे शीर्ष-8 में जगह बनाई थी।
क्वार्टरफाइनल में उनका मुकाबला बहरीन के मुखम्मद नबीव से होना था। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मुकाबले के लिए अनफिट घोषित कर दिया। इसके बाद वह बिना मुकाबला खेले ही प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

सुचिका तारियाल ने पक्का किया पदक
एशियन गेम्स 2026 में वरुण सान्याल भारत के दो MMA फाइटर्स में शामिल थे। वहीं महिलाओं की ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम श्रेणी में भारत की सुचिका तारियाल ने क्वार्टरफाइनल मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही इस स्पर्धा में भारत का एक पदक पक्का हो गया है।