उत्तराखंड में 553 पदों पर निकली सरकारी भर्ती, 8 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन, जानें योग्यता और परीक्षा पैटर्न

उत्तराखंड में 553 पदों पर निकली सरकारी भर्ती, 8 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन, जानें योग्यता और परीक्षा पैटर्न

देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में समूह-ग के 553 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। भर्ती में कनिष्ठ सहायक, कंप्यूटर सहायक, निबंधन लिपिक, टेलीफोन ऑपरेटर, सर्वे लेखपाल समेत कई पद शामिल हैं।

8 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन में संशोधन के लिए 12 से 14 अक्टूबर तक का समय दिया जाएगा। लिखित परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 15 नवंबर 2026 है।

किस पद पर कितनी भर्ती?
भर्ती के तहत विभिन्न पदों पर रिक्तियां इस प्रकार हैं—
कनिष्ठ सहायक/कनिष्ठ सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर – विभिन्न विभागों व कलेक्ट्रेट कार्यालयों में 6 पद
निबंधन लिपिक – 55 पद
सहायक खनिज पर्यवेक्षक – 22 पद
सर्वे लेखपाल – 16 पद
कंप्यूटर सहायक – 9 पद
टेलीफोन ऑपरेटर, राज्यपाल सचिवालय – 1 पद
अन्य पदों को मिलाकर कुल 553 पदों पर भर्ती की जाएगी।

12वीं पास कर सकते हैं आवेदन
अधिकांश पदों के लिए अभ्यर्थी का 12वीं पास होना अनिवार्य है। लिपिकीय पदों के लिए कंप्यूटर पर हिंदी टंकण में न्यूनतम 4000 की-डिप्रेशन प्रति घंटा की गति निर्धारित की गई है।
आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। सामान्य पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

100 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी और परीक्षा की अवधि दो घंटे रहेगी। परीक्षा वस्तुनिष्ठ एवं ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी।
सामान्य हिंदी – 20 अंक
सामान्य ज्ञान एवं सामान्य अध्ययन – 40 अंक
उत्तराखंड का सामान्य ज्ञान – 40 अंक
पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी।

आवेदन शुल्क
अनारक्षित और उत्तराखंड ओबीसी अभ्यर्थी – ₹300
एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थी – ₹150
दिव्यांग अभ्यर्थी – ₹150
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आयोग की ओर से जारी विस्तृत विज्ञप्ति में पदवार शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों की जांच करने की सलाह दी गई है।