देहरादून में 29 सितंबर को रोजगार मेला, 18 कंपनियां 904 पदों पर करेंगी भर्ती

देहरादून में 29 सितंबर को रोजगार मेला, 18 कंपनियां 904 पदों पर करेंगी भर्ती

देहरादून: उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अवसर है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से 29 सितंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में चलेगा। इसमें 18 निजी कंपनियां शामिल होंगी और विभिन्न पदों पर कुल 904 रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

देहरादून समेत अन्य जिलों के युवा कर सकेंगे प्रतिभाग
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी के अनुसार रोजगार मेले में देहरादून के अलावा उत्तराखंड के अन्य जिलों के बेरोजगार युवा भी शामिल हो सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए सेवायोजन कार्यालय परिसर में प्री-रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है। मेले के दिन भी पंजीकरण कराया जा सकेगा।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा/रिज्यूमे, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र लाना होगा।

कई बड़ी कंपनियां होंगी शामिल
29 सितंबर के रोजगार मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इंफॉर्मेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार समेत अन्य कंपनियां शामिल होंगी।

दुबई में रोजगार का भी अवसर
रोजगार मेले के साथ युवाओं के लिए दुबई के निर्माण क्षेत्र में रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। सेवायोजन विभाग की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत आईटीआई या आईटीआई प्रमाणपत्र धारक अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए छह माह का अनुभव और न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है।
सेवायोजन विभाग ने प्रदेश के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।