नैनीताल में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

नैनीताल में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धारी तहसील क्षेत्र में तैनात पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पटवारी ने जमीन की पैमाइश के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।

जमीन की पैमाइश के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
मामला धारी तहसील के मौड़ा गांव का है। शिकायतकर्ता अपनी जमीन की नाप-जोख यानी पैमाइश कराने के लिए क्षेत्रीय पटवारी के पास पहुंचा था। आरोप है कि काम कराने के एवज में पटवारी द्वारा रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर की।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की प्रारंभिक जांच की गई। विजिलेंस के अनुसार, जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

तहसील धारी में ट्रैप कर पकड़ा
पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। शनिवार को टीम ने तहसील धारी में योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। विजिलेंस के मुताबिक, शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते समय पटवारी निर्मल बोरा को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपों और मामले के अंतिम तथ्य न्यायिक प्रक्रिया के दौरान तय होंगे।

ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार की घोषणा
सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने सफल ट्रैप कार्रवाई के लिए टीम की सराहना की और टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने आम लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ सामने आने तथा रिश्वत मांगने की शिकायत विजिलेंस तक पहुंचाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि रिश्वत या भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत 1064 टोल फ्री हेल्पलाइन अथवा 9456592300 व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर की जा सकती है।