देहरादून: उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के बैंक खाते से फर्जी चेकों के जरिए 68.39 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित चेकों का इस्तेमाल कर 14 बार में कुल 68,39,500 रुपये निकाल लिए। मामला हाथीबड़कला स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा से जुड़ा है। बैंक की सतर्कता के चलते ठगों की 24.43 लाख रुपये की अतिरिक्त निकासी की कोशिश नाकाम हो गई।
फर्जी चेकों से 14 बार निकाली रकम
पीएनबी की सर्वे ऑफ इंडिया शाखा के प्रबंधक मनीष शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 जून को क्लियरिंग के माध्यम से अलग-अलग चेकों के जरिए कुल 68,39,500 रुपये निकाले गए। जब इस लेनदेन की जानकारी उपनल अधिकारियों को दी गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि ये चेक उनकी ओर से जारी नहीं किए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, उपनल की मूल चेकबुक भी सुरक्षित थी।
चार बैंकों के खातों में भेजी गई रकम
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि धोखाधड़ी से निकाली गई रकम केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया और भारतीय स्टेट बैंक के विभिन्न खातों में भेजी गई थी। इसके अगले दिन यानी 18 जून को जालसाजों ने फिर से 24.43 लाख रुपये निकालने का प्रयास किया।
हालांकि, उपनल की ओर से समय पर सूचना दिए जाने और बैंक की सतर्कता के कारण यह भुगतान रोक दिया गया। इससे निगम को अतिरिक्त वित्तीय नुकसान होने से बचा लिया गया।
संदिग्ध खाता फ्रीज, मुकदमा दर्ज
मामले में केनरा बैंक ने एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज के संदिग्ध खाते को फ्रीज कर उसमें जमा राशि होल्ड कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक और पुलिस अधिकारी धोखाधड़ी से निकाली गई शेष रकम का पता लगाने और उसकी रिकवरी के प्रयास कर रहे हैं।